जोहांसबर्ग। टेस्ट क्रिकेट में पारी की शुरुआत करते हुए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकार्ड दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और नील मैकेंजी की जोड़ी के नाम है। इस जोड़ी ने साल 2008 में बांग्लादेश के खिलाफ चटगांव में खेले गये मुकाबले में 415 रनों की साझेदारी की थी। इस दौरान कप्तान स्मिथ ने 232 और मैकेंजी ने 226 रन बनाये थे।  इसी के साथ ही इस जोड़ी ने 52 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर एक नया कीर्तिमान अपने नाम किया जो आज भी बरकरार है।
वहीं इससे पहले भारतीय जोड़ी विनू मांकड़ और पंकज रॉय ने साल  1956 में  चेन्नई में न्यूजीलैंड के खिलाफ 413 रनों की लंबी साझेदारी की थी। तब मांकड़ ने 231 और रॉय ने 173 रन बनाए, जो लगभग पांच दशकों तक क्रिकेट जगत की सबसे बड़ी शुरुाआती जोड़ी  बनी रही।
वहीं इसके बाद भारत के ही वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ ने पाकिस्तान के खिलाफ 410 रनों की साझेदारी बनायी। इसमें जहाँ विस्फोटक सहवाग ने 254 रन बनाए, वहीं द्रविड़ ने संयमित 128 रन की पारी खेली। यह जोड़ी मांकड़-रॉय के रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 5 रन से पीछे रह गयी।
चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड की ग्लेन टर्नर और टेरी जार्विस की जोड़ी है। साल 1972 में जॉर्जटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ, उन्होंने पहले विकेट के लिए 387 रन जोड़े। ग्लेन टर्नर ने 259 और टेरी जार्विस ने 182 रन बनाए। कैरेबियाई धरती पर यह साझेदारी धैर्य और तकनीक का अद्भुत प्रदर्शन थी, जो उस समय के खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के सामने निभाई गई।
वहीं ऑस्ट्रेलिया के बिल लॉरी और बॉब सिंपसन ने 1965 में बारबाडोस के ब्रिजटाउन में वेस्टइंडीज के खिलाफ382 रनों की मजबूत साझेदारी बनाई थी। कप्तान बॉब सिंपसन ने 201 रन और बिल लॉरी ने 210 रनों की यादगार पारी खेली। वेस्टइंडीज के घरेलू मैदान पर उनका यह प्रदर्शन आज भी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट इतिहास में विशेष स्थान रखता है। ये ऐतिहासिक साझेदारियां केवल आंकड़े नहीं हैं, बल्कि टेस्ट क्रिकेट के उस दर्शन को दर्शाती हैं जहाँ संयम, एकाग्रता और अटूट दृढ़ संकल्प सफलता की कुंजी होते हैं। इससे युवा बल्लेबाजों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलेगी।