मुंबई। महाराष्ट्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए खुले मसाले बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है। यह कदम खाद्य पदार्थों में मिलावट पर चल रही लगातार कार्रवाई का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य और मसालों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है। नए नियमों के तहत अब हल्दी, मिर्च, धनिया, जीरा सहित सभी प्रकार के मसाले बिना पैकिंग के नहीं बेचे जा सकेंगे। यह आदेश मसाला निर्माताओं, थोक विक्रेताओं, खुदरा दुकानदारों, ऑनलाइन प्लेटफार्मों, होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाओं सहित सभी पर लागू होगा। मसालों को उत्पादन स्थल पर ही अच्छी तरह पैक और सील करना अनिवार्य होगा। पैकेट पर मसाले का नाम, सामग्री, निर्माता का विवरण, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, बैच नंबर, निर्माण/पैकिंग की तारीख और एक्सपायरी डेट जैसी सभी आवश्यक जानकारी देना अनिवार्य है। कंपनियां मसालों की शुद्धता या स्वास्थ्य लाभ को लेकर कोई भ्रामक दावा नहीं कर पाएंगी। साथ ही, मसाले बनाने या पीसने वालों के पास वैध एफएसएसएआई लाइसेंस होना आवश्यक है। नियमों का उल्लंघन करने पर उत्पाद जब्त करने, लाइसेंस रद्द करने और कड़ी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। मिलावट से हुई मौत के मामलों में आजीवन कारावास और 10 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है, जबकि बिना लाइसेंस कारोबार करने पर भी जेल व जुर्माना लगेगा।